रायपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्तर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी रतन लाल डांगी को गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यह कार्रवाई उनके कुछ आपत्तिजनक फोटो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है।
गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि संबंधित अधिकारी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं पाया गया। साथ ही उनके व्यवहार को नैतिक मानकों और सेवा नियमों के विरुद्ध माना गया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, अधिकारी पर पद के प्रभाव के दुरुपयोग तथा स्थापित सामाजिक मानदंडों के उल्लंघन के आरोप भी लगे हैं। सोशल मीडिया पर इस प्रकरण के व्यापक प्रसार से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने की बात भी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम, 1968 के तहत कार्रवाई प्रारंभ करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित