नयी दिल्ली , नवंबर 27 -- कांग्रेस ने विदेशों की लोकेशन से सोशल मीडिया अकाउंट्स संचालित होने को देश के खिलाफ विपक्षी दलों की साजिश बताने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि खुद भाजपा के कई नेताओं और उनके समर्थकों के एकाउंट विदेशों से चल रहे हैं तो क्या वे सब भी देश विरोधी साजिश कर रहे हैं।
कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के इस आरोप को देश के जरूरी सवालों से जनता को गुमराह करने की साजिश बताया और कहा कि खुद एक्स ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि लोगों को अलग अलग जगहों पर दिक्कत आ रही है इसलिए उसने प्रोडेक्ट लांच किया है। उसका यह भी कहना है कि इसमें जो लोकेशन दिख रही है वह एकदम सटीक नहीं है और उसमें बदलावा आ सकता है।
श्रीमती श्रीनेत ने कहा "सोशल मीडिया एक्स ने एक नया प्रोडक्ट लॉन्च किया है, जिसमें अकाउंट के लोकेशन की जानकारी मिलती है। इस पर एक्स का कहना है कि ये लोकेशन, ट्रैवल या किसी टेक्निकल ग्लिच से बदल सकता है। ये डेटा एक्युरेट नहीं हो सकता है। इस हकीकत के बावजूद भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा-कांग्रेस के समर्थकों के कई हैंडल्स विदेश से चल रहे हैं। ये देश के खिलाफ साजिश है। ऐसे में इन्हें बताना चाहती हूं कि भाजपा या नरेन्द्र मोदी राष्ट्र नहीं हैं।"कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को जवाब देना चाहिए कि गुजरात स्टार्टअप इंडिया का एक्स अकाउंट आयरलैंड, दूरदर्शन समाचार, श्री रविशंकर आदि का अकाउंट अमेरिका से चल रहे हैं। उसके कई समर्थकों के हैंडल मलेशिया, साऊथ अफ्रीका, साउथ अमेरिका से हैं। अडानी ग्रुप का एक्स अकाउंट जर्मनी से चल रहा है। उनका कहना था कि लोकेशन जैसे मुद्दे उठाकर भाजपा देश के जरूरी सवालों से बचना चाहती है।
गौरतलब है कि भाजपा ने कांग्रेस और वामपंथी विचारधारा वाले दलों पर आरोप लगाया है कि वे विदेशों में स्थित सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिये भारत विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं और देश विरोधी माहौल बना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित