पंचकूला , अगस्त 03 -- हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और आपराधिक छवि बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ फायरिंग का वीडियो और तस्वीरें अपलोड कर लोगों में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया था।

हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उकलाना चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि हिसार जिले के गांव लितानी निवासी अरमान नैन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट का सत्यापन किया, जिसमें आरोपी हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दिया।

प्रवक्ता के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह वीडियो वर्ष 2022 में एक विवाह समारोह के दौरान बनाया गया था, जहां आरोपी ने फायरिंग की थी। बाद में उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर स्वयं को बदमाश के रूप में पेश करने और लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास किया।

इस मामले में उकलाना थाना में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)(ए), 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक आदेश पर हिसार जेल भेज दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिखाई गई हथियार लाइसेंसी थी या नहीं तथा आरोपी के पास वह हथियार कहां से आया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, फायरिंग के वीडियो साझा कर या आपराधिक छवि प्रस्तुत कर युवाओं को गुमराह करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित