भरतपुर , जुलाई 10 -- राजस्थान में करौली में पांचना बांध विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ और जातीय टिप्पणियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 146 फेसबुक अकाउंट बंद कराने के साथ तीन मामले दर्ज करके 24 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल गठित किया है।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने शुक्रवार को बताया कि सभी आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि पांचना बांध विवाद के बाद सोशल मीडिया पर दो पक्षों की ओर से लगातार भड़काऊ, जातीय और अभद्र टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गयी थी। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज किया। इसके अलावा दोनों पक्षों की ओर से भी अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज करायी गयी हैं, जिनमें कुछ राजनीतिक समर्थकों की शिकायतें भी शामिल हैं।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर थाना, साइबर विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का विशेष दल गठित किया है। यह दल तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करके कार्रवाई कर रहा है। जांच का दायरा करौली से बाहर भी बढ़ाया गया है। टोंक, भीलवाड़ा और अजमेर और अन्य जिलों से वायरल हुए वीडियो और पोस्ट भी खंगाले जा रहे हैं। जांच में ये सामग्री आपराधिक श्रेणी में पायी जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित