राजनांदगांव , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री अपलोड करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। थाना सोमनी पुलिस ने फेसबुक पर अश्लील वीडियो साझा करने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा संचालित सीसीपीडब्ल्यू योजना के तहत साइबर पोर्टल के माध्यम से एक 'साइबर टिप लाइन' प्राप्त हुई थी। इसमें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने की सूचना दी गई थी। जांच में पाया गया कि आरोपी अरविंद पाण्डेय ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से अश्लील वीडियो साझा किए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी के ठिकाने की तलाश की गयी।
सोमनी पुलिस ने आरोपी अरविंद (29), निवासी पाण्डेपुरवा, जिला गोण्डा (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन,सिम कार्ड जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सोमनी में धारा 67(बी) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। विधिवत कार्यवाही के पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित