ऋषिकेश , अप्रैल 9 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर दलित समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति युवजन समाज के जिला अध्यक्ष ब्रह्मचंद वाल्मीकि के नेतृत्व में गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष ब्रह्मचंद वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि केशव थलवाल नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक की माता के संबंध में आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति पिछले कुछ समय से लगातार सोशल मीडिया पर उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहा है और विभिन्न फेसबुक पेजों के जरिए गाली-गलौज कर पुलिस की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की हरकतें समाज में अशांति फैलाने का कार्य करती हैं और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित