पटना , जुलाई 16 -- बिहार के ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को आईपीआरडी में विभाग के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक की। बैठक के क्रम में मंत्री ने कहा कि वर्तमान में सूचना क्रांति के समय में राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को केवल प्रचार का साधन न बनाकर जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाना चाहिए। विभिन्न योजनाओं पर जनता का फीडबैक लिया जाए, सुझाव आमंत्रित किए जाएं और सकारात्मक चर्चा को बढ़ावा दिया जाए। जिला स्तर पर भी प्रचार-प्रसार की गति को तेज करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना चाहिए।
मंत्री श्री कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया आज की दुनिया में जनसंपर्क का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। इसके जरिए सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं की समस्याओं को भी सुना जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिये कि सोशल मीडिया के जरिये बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं के खिलाफ फैलने वाली भ्रामक खबरों का तथ्यात्मक रूप से जवाब दिया जाए तथा सोशल मीडिया के माध्यम से त्वरित खंडन किया जाए।
इस बैठक में जिलों में निर्मित प्रेस क्लब भवनों के संचालन पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने कहा कि इन भवनों के रख-रखाव को व्यवस्थित किया जाए, जिससे जिला स्तर के प्रेस बंधुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग की भूमिका सूचना के सही प्रवाह को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं रेडियो के माध्यम से भी प्रभावी काम-काज सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभाग के सचिव नवीन कुमार, निदेशक अनिल कुमार, अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय एवं नागेन्द्र गुप्ता, मंत्री के आप्त सचिव सुनील कुमार समेत अन्य मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित