हरिद्वार , अक्टूबर, 30 -- उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। कनखल के सतीघाट पर युवकों के एक गुट ने एक युवक के साथ मारपीट कर उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बच गया। मामले में कोतवाली कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात सतीघाट क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि युवकों ने वादी के पुत्र के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित