मुंबई , नवंबर 30 -- महाराष्ट्र पुलिस ने 22 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कुलदीप कनौजिया उत्तर प्रदेश के बस्ती का रहने वाला है और घटनास्थल के पास एक फैक्ट्री में काम करता था। उसने कथित तौर पर 26 नवंबर को रात करीब 9:43 बजे पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की। घटना के समय पीड़िता गोरेगांव इलाके में रेडिसन होटल के पास एक पुल पार कर रही थी। घटना के तुरंत बाद आरोपी भाग गया।

बाद में एक इंस्टाग्राम पोस्ट में पीड़िता ने पूरी घटना बताई, जिसमें उसने न केवल हमले पर बल्कि वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों की तरफ से कोई कार्रवाई न होने पर भी हैरानी जतायी।

उसने लिखा कि व्यस्त सड़क पर एक भी आदमी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। उस आदमी का पीछा करने की कोशिश में वह उसके पीछे भागी, लेकिन वह भाग निकला। सड़क के बीच में खड़ी होकर वह रो रही थी और मदद के लिए ज़ोर-ज़ोर से पुकार रही थी। उसने कहा कि उसने पुलिस से भी संपर्क किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित