नयी दिल्ली , सितंबर 19 -- रेलवे ने सुरक्षा को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए मध्य रेलवे के सोलापुर मंडल के सात स्टेशनों पर सिग्नलिंग अवसंरचना का आधुनिकीकरण करने का निर्णय लिया है।

रेलवे ने शनिवार को बताया कि सोलापुर मंडल के सात स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 209 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की गयी है। इस परियोजना के तहत उच्च घनत्व नेटवर्क (एचडीएन)-7 मार्ग पर मोहोल, मुंधेवाड़ी, बाले, सोलापुर, होटगी जंक्शन-होटगी ए केबिन, शाहाबाद और वाडी जंक्शन स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की व्यवस्था की जाएगी। इस मार्ग पर कवच, स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग (एबीएस) और केंद्रीकृत यातायात नियंत्रण (सीटीसी) से संबंधित कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गयी है।

आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली इस मंडल में रेलवे सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली 'कवच' के कार्यान्वयन में मदद करेगी।

गौरतलब है कि इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एक आधुनिक कंप्यूटर आधारित सिग्नलिंग प्रणाली है, जो पारंपरिक रिले आधारित इंटरलॉकिंग की जगह लेती है। यह प्वाइंट और सिग्नल के अधिक विश्वसनीय नियंत्रण, खराबियों का तेजी से पता लगाने और उन्हें दूर करने, आसान रखरखाव तथा अधिक कुशल ट्रेन संचालन में मदद करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित