सोलापुर , मई 03 -- दक्षिण सोलापुर तहसील के बोरामनी गांव में हुए चौंकाने वाले तिहरे हत्याकांड की जांच तेज हो गयी है। पुलिस ने मृतका के देवर शंकर उर्फ पप्पू मस्के सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खबरों के मुताबिक, पूछताछ के लिए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं।
सामूहिक हत्याकांड का पता शुक्रवार को चला, जब गायत्री मस्के, उनकी बेटी प्रिया (18) और बेटे शिवराज (16) के शव मकान में मिले। जांचकर्ताओं को संदेह है कि जब परिवार सो रहा था, तब किसी धारदार हथियार संभवतः तलवार से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
पुलिस को दी गयी रिश्तेदारों की शिकायत के अनुसार, यह हत्याकांड मस्के परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद से जुड़ा है। सूत्रों का कहना है कि गायत्री मस्के पैतृक संपत्ति में अपने कानूनी हिस्से की मांग कर रही थीं और परिवार के सदस्यों को उधार दिये गये लगभग 25 लाख रुपये भी बार-बार वापस मांग रही थीं।
जांचकर्ताओं का मानना है कि पैसे और जमीन को लेकर बढ़ा तनाव ही इस जानलेवा हमले की वजह बना। पुलिस सूत्रों ने खुलासा किया कि मस्के भाइयों के बीच लगभग सात एकड़ कृषि भूमि और पारिवारिक संपत्ति को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था।
कुछ साल पहले गायत्री के पति सुधाकर मस्के की मृत्यु के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थीं और पर संपत्ति के बंटवारे और बकाया पैसों के निपटारे के लिए लगातार दबाव बना रही थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित