सोलन , मार्च 08 -- हिमाचल प्रदेश के सोलन में 108 एम्बुलेंस सेवा के एक कर्मचारी द्वारा महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि महिला पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने कहा कि उसने 108 सेवा के जरिये एम्बुलेंस बुक की थी। जब एम्बुलेंस पहुंची तो ड्राइवर ने उसे फोन किया और पूछा कि क्या वह अकेली सफर कर रही है। उसने ड्राइवर को बताया कि उसकी भाभी भी उसके साथ है। इसके बाद वह अपने बेटे और भाभी के साथ एम्बुलेंस में बैठ गयी।
महिला का आरोप है कि सफर के दौरान एम्बुलेंस कर्मचारी दिव्यांश ने उसकी भाभी के साथ छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी बदतमीजी की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पीड़िता ने अपने पति को इस घटना की सूचना दी तो अस्पताल पहुंचने पर आरोपी ने उसके पति के साथ भी गलत व्यवहार किया और वहां से फरार हो गया।
मामले की तफ्तीश के दौरान सोलन महिला पुलिस थाना की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी दिव्यांश (27 वर्ष) को शिमला से हिरासत में ले लिया।
आरोपी मंडी जिले की बल्ह तहसील के बटेहड़दा गांव का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित