मोगादिशू , अगस्त 18 -- सोमालिया में संघीय सैन्य बलों और क्षेत्रीय विपक्षी गुटों के बीच जारी राजनीतिक तनाव और हिंसक झड़पों के कारण दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गयी है।
देश के साउथ वेस्ट राज्य की अंतरिम राजधानी बैडोआ में नियंत्रण को लेकर सेना और अपदस्थ क्षेत्रीय नेता अब्दियाजीज हसन मोहम्मद 'लाफ्तगारेन' के समर्थक लड़ाकों के बीच भीषण गोलीबारी और विस्फोट हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विपक्षियों ने विस्फोटक से भरे वाहनों का उपयोग करके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। सोमाली सरकार ने आरोप लगाया है कि इस हमले में विपक्षी गुटों के साथ-साथ अल-शबाब के चरमपंथी भी शामिल थे। कई घंटों तक चली भीषण लड़ाई के बाद सोमाली संघीय बलों ने विपक्षी लड़ाकों को शहर के मध्य क्षेत्र से खदेड़ दिया और बैडोआ पर अपना पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया।
प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार, इस हिंसा में भारी जान-माल का नुकसान हुआ है, जिसमें 30 से अधिक हमलावर मारे गये हैं और कई नागरिक भी गोलियों व विस्फोटों की चपेट में आकर हताहत हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित