हरिद्वार , जून 13 -- सप्ताहांत और सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ कर दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने शनिवार को 40वीं वाहिनी पीएसी तथा पुलिस लाइन रोशनाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 450 रिक्रूट आरक्षियों को पर्व ड्यूटी के लिए विशेष ब्रीफिंग दी।
एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों से कहा कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान यह उनकी पहली बड़ी ड्यूटी है, जो उनके लिए महत्वपूर्ण व्यावहारिक अनुभव साबित होगी। उन्होंने जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिये।
उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। ब्रीफिंग कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित