मुरादाबाद , जून 09 -- सोमवती अमावस्या के अवसर पर तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और हरिद्वार के बीच जून में एक जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 04606 आगामी 14 जून को कटड़ा से और गाड़ी संख्या 04605 आगामी 15 जून को हरिद्वार से चलकर दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा पूरा करेंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि जून में सोमवती अमावस्या के पावन पर्व के अवसर पर होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने यह विशेष निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से हरिद्वार के मध्य चलाई जा रही इस स्पेशल गाड़ी में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित(एसी), स्लीपर एवं सामान्य श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 04606 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन 14 जून (रविवार) को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से शाम 18:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी मार्ग में शहीद कैप्टन तुषार महाजन (18:38/18:40), जम्मूतवी (19:43/19:48), पठानकोट कैंट (21:32/21:37), जालंधर कैंट (23:25/23:30), लुधियाना जंक्शन (00:40/00:50), अंबाला कैंट (02:20/02:30), सहारनपुर (03:40/03:45) तथा रूड़की (04:25/04:27) स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सोमवार सुबह 06:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित