हल्द्वानी , जुलाई 13 -- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के मौके पर उत्तराखंड के नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल सोमवार को गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डा से हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को रवाना किया।
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की पहल पर यह यात्रा आयोजित की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से श्रद्धालुओं को निशुल्क सोमनाथ दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा निःशुल्क की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा उन्नति की कामना करने का आह्वान भी किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से श्रद्धालु अपने-अपने जनपदों के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम ले जाएंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क की गई है। इस यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित