श्रीनगर , अप्रैल 24 -- जम्मू-कश्मीर के सोपोर इलाके में हाल ही में एक छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को छह व्यक्तियों पर जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत मामला दर्ज किया है।
पीएसए के तहत मामला दर्ज किए गए व्यक्तियों की पहचान उमर अकबर हजाम (सीलू), सलमान अहमद शाला (शालपोरा), अल्ताफ अहमद शेख (पांजिपोरा), मुबाशिर अहमद गिलकर (नसीराबाद), मुजम्मिल मुश्ताक चांगा (आरामपोरा) और माजिद फिरदौस डार (चिंकीपोरा) के रूप में हुई है। ये सभी सोपोर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
जिला मजिस्ट्रेट बारामूला से आवश्यक हिरासत वारंट प्राप्त करने के बाद, इन सभी छह आरोपियों को जम्मू क्षेत्र की भद्रवाह जिला जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ये शरारती तत्व छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान अशांति भड़काने, तोड़फोड़ करने और शांति भंग करने के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल थे। पुलिस ने कहा, "उनकी गतिविधियां सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा थीं।" यह भी बताया गया कि इन घटनाओं में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी पीएसए के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह सोपोर में एक छात्रा द्वारा एक सीनियर लेक्चरर पर उत्पीड़न के आरोपों के बाद तीव्र विरोध प्रदर्शन हुआ था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर सरकार ने संबंधित लेक्चरर को निलंबित कर दिया था। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित