भीलवाड़ा , जनवरी 31 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सर्राफा बाजार में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोने और चांदी की कीमतों ने अचानक 'गोता' लगा दिया।
जानकारों ने बताया कि इसे बाजार का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। आसमान छू रहे भावों के बीच अचानक आई इस भारी गिरावट ने बड़े-बड़े निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गये हैं। हालात यह हैं कि मोटा मुनाफा कमाने का ख्वाब देखने वालों के होश फाख्ता हो गए हैं।
भीलवाड़ा के बाजार में चांदी की कीमतों में एक ही झटके में एक लाख रुपये से ज्यादा की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। अब चांदी 2,80,000 रुपये प्रति किलो पर सिमट गई है। वहीं, सोने ने भी निवेशकों को तगड़ा झटका दिया है; जो सोना एक लाख 80 हजार के पार था, वह सीधे गिरकर एक लाख 63 हजार रुपये प्रति तोला पर आ गिरा है। बाजार में आए इस अचानक 'सुनामी' से हर कोई सकते में है।
पिछले कुछ समय से चांदी और सोने की बढ़ती कीमतों को देखते हुए भीलवाड़ा के लोगों ने इसे सबसे सुरक्षित निवेश मानकर अपनी जमा-पूंजी झोंक दी थी लेकिन शनिवार के इस घटनाक्रम ने निवेशकों की कमर तोड़ दी है। जिन्होंने हाल ही में ऊंचे दामों पर खरीदारी की थी, उनके करोड़ों रुपये पानी में मिल गए हैं और कई लोग भारी घाटे के चलते गहरे सदमे में हैं। निवेश की चमक अब उनके फीके पड़े चेहरों पर साफ देखी जा सकती है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार सोने-चांदी की कृत्रिम तेजी ने रियल एस्टेट बाजार पहले ही बिगाड़ रखा था। लोग जमीनें छोड़कर सर्राफा में पैसा लगा रहे थे, जिससे जमीनों की कीमतें भी गिर गई थीं। अब बाजार की अनिश्चितता ने बाजार में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित