बुरहानपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ के बुरहानपुर में सोशल मीडिया पर कम समय में रकम कई गुना करने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस वारदात का त्वरित खुलासा किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राम शंखवास, थाना भवण्डा, जिला नागौर (राजस्थान) निवासी फरियादी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी। रील में 'एक लाख रुपये के बदले दस लाख रुपये' देने का लालच दिया जा रहा था। रील में संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित था।
फरियादी ने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो आरोपियों ने उससे व्हाट्सऐप के माध्यम से बातचीत की और उसे बुरहानपुर बुलाया। गत 28 अगस्त को आरोपियों ने उसे ग्राम दरियापुर के पास लुब्री पाइप फैक्ट्री के पीछे बुलाया। फरियादी के वहां पहुंचने पर तीन व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे पास के केले के खेत में ले गए। आरोपियों ने उसकी जेब से 23 हजार रुपये नकद निकाल लिए तथा कानों में पहनी सोने की दो बालियां, जिनका वजन करीब 2.5 ग्राम था, जबरदस्ती छीन लीं। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना के बाद फरियादी ने थाना शिकारपुरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को विष्णु पिता शंकर चौहान, निवासी भीलखेड़ी, जिला खंडवा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रुपये कई गुना करने का लालच देकर फरियादी को बुलाने और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। उसके दो अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कम समय में रकम कई गुना करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस अब आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा इसमें कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रुपये कई गुना करने, निवेश पर असामान्य लाभ देने या कम समय में अधिक पैसा देने जैसे झांसे में आकर अनजान लोगों से संपर्क न करें। साथ ही, किसी के बुलाने पर सुनसान स्थान पर जाने से बचें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित