मुंबई , अगस्त 05 -- सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक 'पुष्पा इम्पॉसिबल' ने 1300 एपिसोड पूरे कर एक नया मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि के अवसर पर शो की मुख्य अभिनेत्री करुणा पांडे ने कहा कि उनका किरदार 'पुष्पा' अब उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया है और इस भूमिका ने उन्हें हर दिन मुश्किलों का सामना करने की हिम्मत, दयालुता तथा कभी हार न मानने की सीख दी है।

1300 एपिसोड पूरे होने के उपलक्ष्य में शो के सेट पर कलाकारों और तकनीकी टीम ने केक काटकर जश्न मनाया। इस दौरान सभी ने शो के अब तक के सफर, यादगार पलों और दर्शकों से मिले लगातार प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।

करुणा पांडे ने कहा, "1300 एपिसोड पूरे करना सचमुच अविश्वसनीय लगता है। जब हमने यह सफर शुरू किया था, तब सिर्फ यही उम्मीद थी कि पुष्पा की कहानी लोगों के दिलों तक पहुंचे। वर्षों से दर्शकों का मिला प्यार हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। पुष्पा मेरी जिंदगी का हिस्सा बन गई है और उसके जरिए मैं हर दिन धैर्य, दयालुता और कभी हार न मानने के बारे में कुछ नया सीखती हूं। यह उपलब्धि कैमरे के पीछे काम करने वाली पूरी टीम और उन दर्शकों की है, जिन्होंने पुष्पा को अपने परिवार का हिस्सा बनाया।"शो के निर्माता जेडी मजेठिया ने कहा कि 1300 एपिसोड तक पहुंचना पूरी टीम के लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है। उन्होंने कहा, "शुरुआत से हमारा उद्देश्य ऐसी कहानी प्रस्तुत करना था, जिससे आम लोग खुद को जोड़ सकें और जो उनके संघर्ष तथा हौसले को दर्शाए। 'पुष्पा इम्पॉसिबल' को वर्षों से मिला दर्शकों का स्नेह हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। मैं सोनी सब, पूरी कास्ट और क्रू तथा दर्शकों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग से यह सफर संभव हो सका।"'पुष्पा इम्पॉसिबल' एक ऐसी महिला की प्रेरणादायक कहानी है, जो जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना अटूट आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ करती है।

यह धारावाहिक सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित