मुंबई , अक्टूबर 17 -- सोनी सब के धारावाहिकों के पुरुष कलाकारों ने नवरात्रि के अवसर पर अपने जीवन की उन महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें मुश्किल समय में सहारा दिया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे मनीष वाधवा, 'पुष्पा इम्पॉसिबल' में चिराग का किरदार निभा रहे नितिन बाबू और 'हस्तिनापुर के वीर' में द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे जितेन लालवानी ने अपनी जिंदगी की 'रियल शक्ति' के बारे में विचार साझा किए।

मनीष वाधवा ने अपनी मां को जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें सभी का सम्मान करना, दयालु बने रहना और बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति के साथ समान व्यवहार करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि मां से मिले संस्कार उनके जीवन का आधार हैं और इसके लिए वह हमेशा उनके आभारी रहेंगे।

नितिन बाबू ने अपनी बहन को अपनी असली ताकत बताते हुए कहा कि मतभेदों के बावजूद वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहती हैं। उन्होंने मुश्किल समय में बहन के धैर्य और मजबूती की सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय उनका साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

जितेन लालवानी ने अपनी मां, पत्नी, बेटी और सास को अपनी जिंदगी की असली शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनकी मां उनकी ताकत का सबसे बड़ा स्रोत हैं, जबकि पत्नी हर अच्छे-बुरे दौर में उनका सहारा बनी रही हैं। डॉक्टर के रूप में सास का सेवा भाव उन्हें प्रेरित करता है। वहीं, बेटी की जिज्ञासा और नई चीजें सीखने की ललक उन्हें हर दिन कुछ नया सीखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि इन सभी महिलाओं का प्यार, ताकत और धैर्य उन्हें बेहतर इंसान बनाता है।

सोनी सब पर धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' और 'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित