मुंबई , नवंबर 02 -- नतेरस के त्योहार के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों दीक्षा जोशी, जितेन लालवानी, करुणा पांडे और गुल्की जोशी ने धनतेरस से जुड़ी अपनी यादगार खरीदारी और पारिवारिक अनुभव साझा किए।धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे जितेन लालवानी ने बताया कि उनके परिवार में धनतेरस पर चांदी के बर्तन खरीदने की परंपरा रही है। कानपुर में बचपन के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार इस अवसर पर कटोरी, थाली, चम्मच और गिलास जैसे चांदी के बर्तन खरीदता था। मां के मुंबई आने के बाद उन्होंने इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्हें चांदी के बर्तन उपहार में दिए। उन्होंने कहा कि मां की पसंद का सम्मान करना और उन्हें खुश करना उनके लिए सबसे खास था। उनके अनुसार, धनतेरस पर खरीदारी की कीमत से अधिक उससे जुड़ी भावनाएं मायने रखती हैं।
'पुष्पा इम्पॉसिबल' में दीप्ति की भूमिका निभा रहीं दीक्षा जोशी ने अपनी एक भावुक याद साझा करते हुए बताया कि कमाई शुरू करने के बाद उन्होंने पहली बार धनतेरस पर अपनी मां के लिए सोना खरीदा था। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत की कमाई से माता-पिता के लिए कुछ खरीदने का अनुभव बेहद खास होता है। उनके लिए यह सिर्फ सोने का उपहार नहीं, बल्कि मां के प्रति प्यार और सम्मान व्यक्त करने का माध्यम था।
इसी धारावाहिक में पुष्पा की भूमिका निभा रहीं करुणा पांडे ने बताया कि उनकी सबसे पसंदीदा खरीदारी भगवान श्रीकृष्ण की चांदी की मूर्ति है। यह उनके लिए बेहद अनमोल है और इसे देखकर उन्हें आज भी खुशी मिलती है। उन्होंने कहा कि धनतेरस पर ऐसी वस्तु खरीदना खास होता है, जिससे भावनात्मक जुड़ाव हो। किसी वस्तु का वास्तविक मूल्य उससे जुड़ी यादों और भावनाओं में होता है।
वहीं, धारावाहिक 'यादें' में डॉ. सृष्टि की भूमिका निभा रहीं गुल्की जोशी ने सोने की खरीदारी को अपनी पसंद बताते हुए कहा कि सोना खूबसूरत होने के साथ भविष्य के लिए एक अच्छा निवेश भी है। उनके अनुसार, धनतेरस पर सोना खरीदना परंपरा और आर्थिक समझदारी, दोनों का संगम है। इस अवसर पर खरीदारी से त्योहार की खुशी के साथ भविष्य के लिए निवेश का अवसर भी मिलता है।
सोनी सब के कलाकारों ने अपने अनुभवों के माध्यम से बताया कि धनतेरस का वास्तविक आनंद केवल महंगी वस्तुएं खरीदने में नहीं, बल्कि परिवार, परंपराओं और अपनों के प्रति प्यार जताने में है।
धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर', 'पुष्पा इम्पॉसिबल' और 'यादें' सोनी सब पर प्रसारित होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित