सोनीपत , मई 24 -- हरियाणा के सोनीपत में खरखौदा कोर्ट के बाहर गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि हत्या मामले में फरार आरोपी मुरथल थाना क्षेत्र के गांव रेवली के पास छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी गैंगस्टर यूनिट ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में नवनीत उर्फ साहिल, सोहन उर्फ काकू और साहिल उर्फ बाउ के पैरों में गोली लगी। तीनों आरोपियों को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी झज्जर जिले के गांव दुबलधन के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 16 मई को नीरज उर्फ कातिया अपनी पत्नी के साथ दहेज मामले में कोर्ट की तारीख पर खरखौदा आया हुआ था। दोपहर करीब 12:15 बजे कोर्ट से बस स्टैंड की ओर जाते समय तहसील के मुख्य गेट के सामने एक सफेद रंग की ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कार से उतरे तीन युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित