सोनीपत , अगस्त 01 -- हरियाणा में सोनीपत के शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली कटौती और तकनीकी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) ने बिजली वितरण, रखरखाव और मरम्मत के लिए दो साल की नई व्यवस्था लागू की है।
नई व्यवस्था का शुभारंभ ओल्ड डीसी रोड स्थित अधीक्षण अभियंता (संचालन) कार्यालय में विधायक निखिल मदन और महापौर राजीव जैन ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता (संचालन) मनिंदर कादियन ने की। इस दौरान 14 मोटरसाइकिल, छह सेवा वाहन और दो हाइड्रोलिक ट्रैक्टर संचालन के लिए रवाना किए गए।
नई प्रणाली के तहत 199 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम बिजली वितरण नेटवर्क के संचालन, नियमित व निवारक रखरखाव, तकनीकी खराबियों के समाधान और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का जिम्मा संभालेगी।
विधायक निखिल मदन ने कहा कि नई व्यवस्था से बिजली कटौती और तकनीकी शिकायतों में कमी आएगी। कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती से शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित होगा। महापौर राजीव जैन ने कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
अधीक्षण अभियंता मनिंदर कादियन ने कार्यकारी एजेंसी मेसर्स अंबुजा कंस्ट्रक्शन कंपनी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं देने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कार्यकारी अभियंता रणबीर देसवाल, एसडीओ प्रदीप खोखर, एसडीओ कार्तिक रोहिल्ला, यूएचबीवीएन के अधिकारी-कर्मचारी, कंपनी के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित