सोनीपत , जुलाई 31 -- हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार को एक आधिकारिक जिला ई-मेल आईडी पर बम धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। ई-मेल में जिला न्यायालय, उपायुक्त कार्यालय, कुछ स्कूलों और नई दिल्ली स्थित संसद भवन सहित कई स्थानों पर बम विस्फोट होने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, ई-मेल में विभिन्न स्थानों के लिए अलग-अलग समय का उल्लेख किया गया था। साथ ही कुछ संस्थानों, राजनीतिक नेताओं और सरकारी कार्यालयों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां तथा कई मांगें भी लिखी गयी थीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ई-मेल में किये गये किसी भी दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

राय थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि यह ई-मेल एक पुराने ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ, जिसका अब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के आधिकारिक खाते के रूप में उपयोग नहीं होता। तकनीकी कारणों से यह आईडी सक्रिय रखी गयी है, ताकि गलती से भेजे गए संदेश भी प्राप्त हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित