सोनीपत , सितंबर 14 -- हरियाणा के सोनीपत में गोहाना उपमंडल के गांव बुटाना में 30 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है। उसकी शादी महज चार माह पहले हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
जिले के गांव बिधलान निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी बहन प्रियंका की शादी गत 14 मई को बुटाना निवासी नीरज उर्फ श्रीभगवान के साथ की थी। नीरज प्लंबर का काम करता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रियंका को ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा था।
नरेंद्र ने आरोप लगाया कि उसके जीजा नीरज के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध है। प्रियंका जब इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पति के अलावा उसकी भाभी, मामा और मामी भी प्रियंका को मानसिक रूप से परेशान करते थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
रविवार को प्रियंका काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजे के ऊपर बने जाल से देखा गया तो प्रियंका छत के पंखे के हुक से रस्सी और चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया।
बरोदा थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति नीरज, भाभी, मामा और मामी समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित