सोनीपत , अगस्त 10 -- हरियाणा के मुरथल थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में जमीन में दफन मिली 15 वर्षीय किशोरी के शव के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दंपति जयंती और उसका पति ओम प्रकाश किशोरी को करीब ढाई साल पहले असम से खरीदकर सोनीपत लाए थे।

आरोप है कि दंपति उसे ऊंची कीमत पर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की तैयारी में था लेकिन खरीदार नहीं मिलने के कारण किशोरी उनके साथ रहने लगी।

पुलिस के अनुसार, बाद में किशोरी टाइफाइड से गंभीर रूप से बीमार हो गई। उसे सोनीपत के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से रोहतक पीजीआईएमईआर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 16 जुलाई को उसकी मौत हो गई। आरोप है कि दंपति ने अंतिम संस्कार करने के बजाय शव को मलिकपुर में तालाब के पास रेतीली जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

मामला 18 जुलाई को सामने आया, जब एक व्यक्ति ने तालाब के पास कुत्तों को जमीन खोदते देखा। मौके पर पहुंचने पर किशोरी का शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित