सोनीपत , मार्च 05 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के गोहाना-जुलाना रोड पर गुरुवार को हरियाणा रोडवेज की एक बस संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क किनारे पलट गयी। हादसे के समय बस में 20 से 30 यात्री सवार थे, जो गोहाना से जुलाना की ओर जा रहे थे। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मचने के साथ ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस बनवासा गांव से आगे छपरा मोड़ के पास पहुंची ही थी कि अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गयी। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

बस चालक मदन ने बताया कि बस गोहाना से जुलाना की ओर जा रही थी। छपरा मोड़ के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गयी और पलट गयी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया।

इस हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आयी हैं। घायलों को उपचार के लिए गोहाना के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आयी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित