सोनीपत , जुलाई 17 -- हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में जिला स्तरीय रैली आयोजित कर 13 मई को हुए समझौते को लागू नहीं किए जाने पर सरकार के खिलाफ रोष जताया। रैली की अध्यक्षता हरियाणा नगर निगम कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजा चौहान ने की।
सभा को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा नगर निगम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री तथा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने 30 जून तक स्वीकृत मांगों को लागू करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। उन्होंने इसे कर्मचारियों के साथ विश्वासघात बताया।
श्री शास्त्री ने चेतावनी दी कि अगर पांच अगस्त तक समझौते को लागू नहीं किया गया तो पूरे हरियाणा में नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी छह से आठ अगस्त तक तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर विचार किया जाएगा।
रैली में बड़ी संख्या में नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और संघ के नेता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित