सोनीपत , अप्रैल 09 -- हरियाणा के सोनीपत के कामी रोड स्थित हनुमान नगर की झुग्गी बस्ती में गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने तेजी से फैलते हुए अस्थायी झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा घरेलू सामान, कबाड़ तथा कई साइकिल, बाइक और रिक्शा जलकर राख हो गये।
घटना के दौरान पूरे इलाके में धुएं के घने गुबार छा गये, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी। बताया जा रहा है कि इस जगह पर मजदूर परिवार रहते थे, जो कूड़ा बीनकर अपना गुजारा करते थे और उन्होंने काफी मात्रा में कबाड़ जमा कर रखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। राहत की बात यह रही कि घटना के समय झोपड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब पांच बाइक और रिक्शा पूरी तरह जल गये, जबकि झोपड़ियों का सारा सामान नष्ट हो गया।
मौके पर रखे एलपीजी सिलेंडरों के कारण स्थिति और गंभीर हो गयी। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सिलेंडरों को हटाया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। एक छोटा सिलेंडर फट गया, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित