जालंधर , अक्टूबर 30 -- कांग्रेस ने चार नवंबर को संगरूर में होने वाली 'इंसाफ रैली' में जालंधर शहरी और देहाती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को यहां कांग्रेस भवन में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पंजाब कांग्रेस की ओर से जालंधर शहरी और देहाती क्षेत्रों के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी तथा पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों और ब्लॉक अध्यक्षों को रैली की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पार्टी के अनुसार, रैली को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी (देहाती) के अध्यक्ष एवं विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी)के अध्यक्ष राजिंदर बेरी, फिल्लौर के विधायक विक्रमजीत सिंह चौधरी, आदमपुर के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली और जालंधर उत्तर के विधायक अवतार सिंह जूनियर बावा हैनरी सहित कई नेता मौजूद थे।

इसके अलावा नकोदर के हलका प्रभारी डॉ. नवजोत सिंह दाहिया, करतारपुर के हलका प्रभारी एवं पूर्व एसएसपी राजिंदर सिंह, जालंधर पश्चिम की हलका प्रभारी बीबी सुरिंदर कौर, पूर्व विधायक चौधरी सुरिंदर सिंह तथा अन्य पदाधिकारी और दोनों जिलों के ब्लॉक अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित