नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की संस्मरणात्मक पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' (अपनेपन का एहसास : प्रेम का एक सफर) 10 नवंबर को जारी होगी।
श्रीमती गांधी की यह पुस्तक उनके आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर भी आ गयी हैं और इसके साथ ही श्रीमती गांधी भी इंस्टाग्राम पर आ गयी हैं।
श्रीमती गांधी ने अपनी पुस्तक की पहली झलक साझा करते हुए कहा कि यह प्रेम, कर्तव्य, बिछड़ने और अपनेपन की तलाश की कहानी है। उन्होंने कहा कि वह इस पुस्तक को सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।
श्रीमती गांधी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "नमस्कार, आप सभी के साथ यह पल साझा करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। यह मेरी किताब की पहली झलक है। यह प्यार, कर्तव्य, खोने के दर्द और अपनेपन की तलाश की कहानी है। मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हूं।"साझा की गई रील में श्रीमती गांधी काफी खुश नजर आ रही हैं। वह अपनी किताब के बारे में बात करते हुए बताती हैं कि इसमें कई तस्वीरें भी शामिल हैं। रील में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी दिखाई देती हैं, जो उनको (सोन या गांधी) मिठाई खिलाती नजर आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित