कोलकाता , मई 31 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे में उन पर हुए हमले के कुछ ही घंटों बाद राज्य सरकार ने उनका सुरक्षा घेरा बढ़ाने और उन्हें एक्स-कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में श्री बनर्जी को जेड-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी, जिसे नयी सरकार ने हटा दिया था। यह फैसला शनिवार रात सोनारपुर की घटना के बाद लिया गया, जहां एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के घर जाने के दौरान श्री बनर्जी को भारी विरोध और बदसलूकी का सामना करना पड़ा था। इस दौरे के दौरान सांसद को दी गयी सुरक्षा व्यवस्था की पर्याप्तता पर भी सवाल उठाये गये थे।

नयी व्यवस्था के तहत अब तीन सुरक्षाकर्मी हर समय श्री बनर्जी के साथ रहेंगे। अब तक उनके साथ दो सुरक्षा गार्ड रहते थे।तृणमूल कांग्रेस के दूसरे सबसे बड़े नेता और पार्टी के मुख्य रणनीतिकार माने जाने वाले श्री बनर्जी को पिछली राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान जेड-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी। हालांकि 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद सरकार बदलने पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी थी।

मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद श्री शुभेंदु अधिकारी ने सांसदों और अन्य व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें की थीं। इस समीक्षा के बाद श्री बनर्जी का जेड-प्लस सुरक्षा घेरा वापस ले लिया गया था। हरीश मुखर्जी रोड स्थित उनके आवास के बाहर तैनात पुलिस बल भी हटा दिया गया था।

उस समय सरकार ने यह रुख अपनाया था कि एक निर्वाचित सांसद होने के नाते श्री बनर्जी को उनके पद के अनुरूप सुरक्षा मिलती रहेगी। परिणामस्वरूप उनकी सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मी लगाये गये थे। शनिवार को जब उन्होंने सोनारपुर की यात्रा की, तब भी यही व्यवस्था लागू थी। सोनारपुर की घटना के बाद सरकार ने उन्हें एक्स-कैटेगरी की सुरक्षा देकर उनके सुरक्षा घेरे को मजबूत करने का निर्णय लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित