जालंधर , जुलाई 19 -- भारतीय इंकलाबी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) के महासचिव मंगत राम पासला ने पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए उनकी तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों को कुचलने की सोची-समझी कोशिश की जा रही है। आरएमपीआई की केंद्रीय स्टैंडिंग कमेटी की ओर से रविवार को जारी बयान में श्री पासला ने कहा कि कोलकाता में सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में शांतिपूर्ण अनशन पर बैठे विश्व भारती और शांतिनिकेतन के छात्रों, विशेषकर छात्राओं, पर कथित तौर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये हमले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
श्री पासला ने आरोप लगाया कि नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन को समाप्त करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों पर कार्रवाई की। उनके अनुसार यह कदम नागरिकों के संवैधानिक और मानवीय अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी कार्रवाइयों की राजनीतिक कीमत केंद्र सरकार और भाजपा को चुकानी पड़ेगी। आरएमपीआई नेता ने पश्चिम बंगाल के रानीगंज में प्रसिद्ध विद्वान राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाये जाने की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व की प्रतिमा तोड़ी जा सकती है, लेकिन उसके विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोलकाता में पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की स्मारक निर्माण के लिए चंदा एकत्र कर रहे वामपंथी कार्यकर्ताओं पर भाजपा समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में हमला किया।
श्री पासला ने कहा कि दिल्ली, कोलकाता और देश के अन्य हिस्सों में हो रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि लोकतांत्रिक विरोध के लिए उपलब्ध स्थान लगातार सीमित किये जा रहे हैं। उन्होंने देशवासियों से इस प्रवृत्ति का विरोध करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने की अपील की।
आरएमपीआई ने अपनी सभी पार्टी इकाइयों से इन घटनाओं के विरोध में स्थानीय स्तर पर केंद्र सरकार के पुतले फूंककर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित