रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में छात्र-युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया।

जिले के अंबेडकर चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं ने तख्तियां और पोस्टर लेकर नारेबाजी की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की भी मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग करते हुए नीट पेपर लीक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई। साथ ही भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों में अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल में सोनम वांगचुक भी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल नहीं उठना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित