सोनभद्र , अक्टूबर 25 -- सोनभद्र में साइबर थाना पुलिस ने समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से संचालित बैंक खाते में लगभग दो करोड़ 37 लाख के संदिग्ध लेन देन व 35 शिकायत दर्ज होने के मामले में जांच के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को बताया की साइबर थाना पुलिस ने समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान दिनांक 16 अक्टूबर को संदिग्ध बैंक टैब पर सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से एक संदिग्ध बैंक खाता मिला जिसके संबंध में साइबर फ्रॉड से जुड़ी कुल 35 शिकायतें दर्ज पाई गईं। साइबर पुलिस टीम ने जांच के दौरान उक्त खाते से लगभग दो करोड़ 37 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी प्राप्त किया।
जांच पड़ताल के बाद साइबर थाना प्रभारी ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर इसमें संलग्न अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई। दुद्धी थाना पुलिस टीम ने एक सुचना के आधार पर आज सुबह मुकदमे में वांछित तीनों अभियुक्तों को रेलवे स्टेशन परिसर रोड, दुद्धी से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त हरिकेश पाण्डेय पुत्र चिंतामणि पाण्डेय, निवासी ग्राम बागी बगही, नौगढ़, जनपद चन्दौली, अंजनी कुमार पुत्र उदित नारायण, निवासी महुअरिया, थाना दुद्धी व वेदान्त मौर्या पुत्र पवन कुमार कुशवाहा, निवासी रजखड़, थाना दुद्धी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित