सोनभद्र , मई 06 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी के पास अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार डाक्टर की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुसौली गांव निवासी मिथिलेश कुमार मिश्रा के पुत्र डा अवधेश मिश्रा (28) मेडिकल कॉलेज राबर्ट्सगंज में तैनात थे। बुधवार की शाम लगभग 6:45 बजे वह अपनी बाइक से मेडिकल कॉलेज लोढ़ी से रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर लोढ़ी के पास किसी अज्ञात वाहन के चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग व पुलिस ने उन्हें फौरन जिला अस्पताल लोढ़ी के इमरजेंसी एल-2 वार्ड में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित