सोनभद्र , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर बीती रात एक बजे अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार मामा की मृत्यु हो गई जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नधिरा के सवाकुंड निवासी विनोद कुमार का पुत्र धानू अपने भांजे राहुल पुत्र गोला निवासी अंजानी को बाइक से छोड़ने जा रहा था। वह लोग जैसे ही नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास पहुंचे थे तभी किसी अज्ञात वाहन के चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची ही पीआरवी पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां धानु (21) की मौत हो गई, जबकि राहुल (18) की हालत गंभीर बनी हुई है।
टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित