सोनभद्र , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी पिकअप में टक्कर हो जाने से कार सवार ओरियंटल इन्श्योरेंस राबर्ट्सगंज के शाखा प्रबंधक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वाराणसी के पांडेयपुर निवासी सत्य प्रकाश गुप्ता राबर्ट्सगंज स्थित ओरियंटल इन्श्योरेंस कम्पनी में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह वाराणसी अपने घर से कार चलाकर राबर्ट्सगंज आफिस जा रहे थे। लगभग साढ़े नौ बजे वह जैसे ही हिन्दुआरी के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप में घुस गई जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित