सोनभद्र , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में अनपरा थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि 27 मार्च को भारत फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से अज्ञात बदमाशों ने 63 हजार रुपये नकद, टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी मिर्चाधुरी से अनपरा की ओर आ रहे हैं। इस पर अनपरा, शक्तिनगर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कुबरी पहाड़ी के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संजय यादव और पंकज श्रीवास्तव के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। वहीं मौके से धीरज यादव (पूर्व छात्रसंघ महामंत्री, पीजी कॉलेज ओबरा) और हरिओम जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए पहले डिबुलगंज अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस लूट की साजिश उन्होंने अपने साथी चन्द्रेश यादव के साथ मिलकर रची थी, जो पहले भारत फाइनेंस कंपनी में काम कर चुका था और कलेक्शन की जानकारी रखता था। पुलिस ने बाद में चन्द्रेश यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 हजार 500 रुपये नकद, बायोमेट्रिक मशीन, टैबलेट, तीन मोबाइल फोन, कलेक्शन डायरी, अन्य दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित