सोनभद्र , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बीती रात रियल स्टेट कारोबारी की गला घोट कर हत्या कर दी गयी।

घोरावल कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह विकास नामक व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उनके पिता ओमप्रकाश भारद्वाज (62) का शव घर पर पड़ा हुआ है और उनकी हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही फौरन पुलिस व फोरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक रियल स्टेट का कारोबारी था। घोरावल के कई मार्गों पर उसकी जमीन है जिसकी खरीद बिक्री वह करता था। मृतक का वाराणसी व मुंबई में भी मकान है। उसकी पत्नी और एक बेटी मुंबई में ही रहती है जबकी दो पुत्र विकास और आकाश साथ में रहते हैं।

शुक्रवार की शाम दोनों पुत्र घोरावल नगर से छह किलोमीटर दूर धुरकरी ग्राम में हनुमान मंदिर पर पिता के कहने पर चले गए थे। वहां बाटी चोखा बना हुआ था। रात में अपने पिता के लिए खाना लेकर दोनों बच्चे आए तो उनके पिता ने मोबाइल से बताया कि कुछ कारोबारी मित्र आए हुए हैं जगह कम है रात में भोजन नहीं करेंगे। तुम लोग जाकर मंदिर पर सो जाओ। दोनों बच्चे धुरकरी ग्राम स्थित हनुमान मंदिर पर चले गए और सो गए।

शनिवार सुबह दोनों बच्चे घर पर आए तो अपने पिता को दरवाजा खोलने के लिए मोबाइल से कॉल किया तो पिता का मोबाइल नही उठा। काफी प्रयास करने के बाद दोनों बच्चे मकान के पीछे की तरफ से अंदर आए तो देखा कि पिता का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। उनके गले में निशान पड़े हुए थे। मौके पर रस्सी के टुकड़े भी थे। पुलिस ने बताया की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है क्योंकि आवास का सीसीटीवी कैमरा एवं विद्युत कनेक्शन रात में बंद कर दिए गए थे। मृतक के मोबाइल से उसके कॉल डिटेल भी डिलीट कर दिए गए थे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित