सोनभद्र , जून 28 -- सोनभद्र जिले में घोरावल थाना क्षेत्र के सेमिया गांव में स्थित एक चेकडैम में रविवार शाम मगरमच्छ के 35 बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सभी मगरमच्छों को सोन नदी में सुरक्षित छोड़ दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी जुगैल वन रेंज अवधेश कुमार सिंह ने रविवार को बताया की सेमिया गांव के छितीरपुरवा में एक चेक डैम है जिसमें इस समय कम मात्रा में पानी मौजूद है। रविवार शाम ग्रामीणों ने पानी में मगरमच्छ के दो छोटे-छोटे बच्चे देखें ग्रामीण जब पानी के पास गए तो और भी मगरमच्छ के बच्चे दिखाई दिए। ग्रामीणों ने घटना की सुचना वन विभाग व 100डायल पुलिस को दिया। सुचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारियों और पीआरबी पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कुल 35 मगरमच्छ के बच्चों को पकड़ कर बोरियों में भर लिया और पास में स्थित सोन नदी में छोड़ दिया। मौके पर मगरमच्छ के पांच अंडे भी पाये गये है।
इस संबंध में जुगैल वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि चेक डैम में कुछ नर और मादा मगरमच्छ प्रजनन के दौरान आए होंगे, जहां मादा मगरमच्छ ने अंडे दिया। समय पूरा होने पर अंडे से बच्चे निकलकर पानी में चले गए। मौके पर कोई व्यस्क मगरमच्छ नहीं मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित