सोनभद्र , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शनिवार को दुद्धी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरूमुरा के पास एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसी दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा अपने काफिले के साथ दुद्धी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना देख दोनों अधिकारियों ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और घायल का हालचाल जाना।
इसके बाद उन्होंने घायल व्यक्ति को बिना विलंब अपने स्कॉर्ट वाहन से निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया तथा संबंधित अधिकारियों को उसके समुचित उपचार और बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की त्वरित पहल के कारण घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों और घायल के परिजनों ने दोनों अधिकारियों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित