सोनभद्र , सितंबर 24 -- सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम ने ओड़िशा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर टाटा कंटेनर ट्रक पर लदा छह क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि आज भोर करीब तीन बजे थाना शाहगंज पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम ने ग्राम जैत से कुछ पहले एक संदिग्ध कंटेनर को चेक करने के लिये रोकने का प्रयास किया गया लेकिन कंटेनर शाहगंज की ओर भाग निकला। सूचना पर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर से आगे पुलिया के पास पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक का इंतजार करने लगी। पुलिस टीम को चेकिंग करता देखकर कंटेनर चालक ने पुलिया से पहले ही वाहन खड़ा कर दिया गया तथा वाहन से कूदकर भागने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पीछे से रॉबर्ट्सगंज की तरफ से एसओजी टीम ने भाग रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने वाहन की जांच किया तो छह क्विंटल 25 किलोग्राम अवैध गांजा व दस हजार नगद बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि इस मामले में दिलीप कुमार देहुरी पुत्र नबकिशोर देहुरी और संतोष कुमार साहू पुत्र सदानन्द साहू द़ोनों निवासीजनपद ढेनकनाल, ओड़िशा को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त ओडिशा के रहने वाले हैं तथा कटक निवासी एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन का कार्य करते हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित