सोनभद्र , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में पुलिस व एसओजी की टीम ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गयी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान आपरेशन शुद्धि के तहत थाना चोपन पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम सोमवार रात प्रीतनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एसओजी टीम द्वारा सूचना दी गई कि हाथीनाला टोल प्लाजा के पास से एक संदिग्ध वाहन डाला रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बग्घानाला पुल के पास एवं डाला क्षेत्र में चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध वाहन के ओबरा जाने वाले पुल की सर्विस लेन पर आने की सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें बैठे चालक सहित तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और वाहन की तलाशी शुरू किया। वाहन की तलाशी के दौरान आगे एवं पिछली सीट के बीच खाली स्थान तथा डिग्गी में रखे 04 बोरों से कुल 93 पैकेट बरामद हुए। जिसमें कुल 01 क्विंटल 340 ग्राम अवैध गांजा पाया गया।
पुलिस टीम ने इस मामले में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले थाना लैलूंगा निवासी मुकुन्द यादव पुत्र सकेलन यादव व रोहित सिदार पुत्र घनश्याम सिदार और मिर्जापुर जिले के हालियाथाना क्षेत्र निवासी आशीष मौर्या पुत्र लालता प्रसाद मौर्या को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ करने पर बताया की हम लोग ओड़िश से गांजा मंगवाकर अम्बिकापुर में अपने वाहन में लोड कराया था जिसे सोनभद्र के रास्ते एक व्यक्ति निवासी नवढ़िया, थाना संतनगर, जनपद मीरजापुर को देने के लिए जा रहे थे। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि एक व्यक्ति द्वारा गांजा खरीदने के लिए अभियुक्तों से संपर्क किया गया था तथा फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में धनराशि भेजी गई थी। तस्करी में शामिल व्यक्तियों के मध्य मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन माध्यम से संपर्क एवं धनराशि का लेन-देन किया जाना प्रकाश में आया है जिसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित