सोनभद्र , अक्टूबर 20 -- सोनभद्र जिले में बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा गांव के समीप बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर मंगलवार की शाम कार और ऑटो की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आटो सवार लोग दशहरे का मेला घूमने जा रहे थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने मंगलवार को बताया कि कुछ लोग ऑटो रिक्शा में सवार लोग दशहरे का मेला देखने म्योरपुर जा रहे थे। शाम चार बजे वह लोग बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर नधिरा गांव के पास पहुंचे थे, तभी बभनी की ओर जा रही कार से ऑटो की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस के माध्यम से कुछ लोगों को सीएचसी बभनी व कुछ लोगों को सीएचसी म्योरपुर भेजवाया। इस घटना में कुल 14 लोग गंभीर रूप घायल हुए जिसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई।
सीएचसी बभनी के चिकित्सक डॉ. अश्वनी ने रजवंती देवी (35) को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऑटो चालक सुनील गुप्ता निवासी धरतीडांड़ को रेफर कर दिया गया। अंजली देवी का इलाज जारी है। वहीं, सीएचसी म्योरपुर में डॉ. संजीव बिंद ने अंकुश (16) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में मृत महिला और बालक आपस में भाभी-देवर के रिश्ते में थे। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित