हाजीपुर , मई 26 -- सोनपुर मंडल की 'मंडल संसदीय समिति' की बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया । इस बैठक में सोनपुर मंडल क्षेत्राधिकार के सांसदगण ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी द्वारा की गयी। बैठक में सभी सांसदगण द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास के लिये अपने-अपने सुझावों को रखा गया।
आज की इस बैठक में केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, वैशाली की सांसद श्रीमती वीणा देवी, कटिहार के सांसद तारिक अनवर एवं खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा उपस्थित थे। इनके अलावा केन्द्रीय वस्त्र मंत्री, भारत सरकार गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि राजीव वर्मा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री, भारत सरकार चिराग पासवान के प्रतिनिधि अवधेश कुमार सिंह, गृह राज्य मंत्री भारत सरकार नित्यानंद राय के प्रतिनिधि सत्यवंत कुमार चौधरी, सांसद अजय कुमार मंडल के प्रतिनिधि गौरव कुमार उपस्थित थे ।
इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन सहित मुख्यालय एवं सोनपुर मंडल के सभी उच्चाधिकारीगण उपस्थित थे ।
सांसदगण एवं उनके प्रतिनिधियों ने रेल विकास एवं यात्री सुविधाओं में और वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये। सांसदगण द्वारा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया तथा भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई । साथ ही बैठक में कुछ ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव पर भी चर्चा हुई ।
इसके पूर्व बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने सांसदगण एवं माननीय सांसद के प्रतिनिधिगण का स्वागत किया । महाप्रबन्धक ने अपने स्वागत संबोधन में सोनपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधा, आधारभूत संरचनाओं के विकास आदि के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं नई परियोजनाओं से माननीय सांसदगण को अवगत कराया।
महाप्रबंधक ने सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूप-रेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित