पटना , अगस्त 01 -- ंगदान जीवन संजीवनी अभियान" के तहत आज इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (सोटो)बिहार द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. अनुजा डेनियल के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने अंगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए नर्सिंग विद्यार्थियों की जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
सोटो के चेयरमैन डॉ. मनीष मंडल ने अंगदान को बढ़ावा देने कि लिए सभी मेडिकल और नर्सिंग से जुड़े डॉक्टरों एवं छात्र छात्राओं को इस मुहिम से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा राज्य में अंग प्रत्यारोपण की ज़्यादा से ज़्यादा सुविधा मिल सके, जिससे किसी भी मरीज़ को राज्य से बाहर जाने की ज़रूरत ना पड़े इसके लिए हम प्रयासरत हैं।
तकनीकी सत्र में सोटो की आईईसी कंसल्टेंट एकता ने अंगदान की प्रक्रिया, कानूनी पहलुओं और जागरूकता रणनीतियों पर प्रस्तुति दी तथा विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने ब्रेन स्टेम डेथ, जीवित एवं मृतक अंगदान की प्रक्रिया तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक अंगदाता कई लोगों को नया जीवन दे सकता है।
वहीं ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर जसपाल सिंह ने प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अंगदान की वास्तविक प्रक्रिया और प्रत्यारोपण प्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम में संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रथम वर्ष की छात्राएँ उपस्थित थी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंगदान से जुड़े प्रश्न पूछे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित