जयपुर , मई 02 -- राजस्थान के पाली जिले में स्थित सोजत अब मेहंदी के साथ अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन के लिए भी पहचाना जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्यों से सोजत रोड़ स्टेशन की सूरत बदलने वाली है और उत्तर पश्चिम रेलवे के सोजत रोड स्टेशन पर लगभग 21.20 करोड़ की लागत से पुनर्विकास कार्य किये जा रहे हैं।

ऐतिहासिक सोजत शहर से लगभग 10-15 किलोमीटर दूर पर स्थित सोजत रेलवे स्टेशन का भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत सोजत रोड स्टेशन का कायाकल्प तीव्र गति से किया जा रहा है। स्टेशन के बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं को उच्चस्तरीय बनाया जा रहा है, जिसका 85 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है।

योजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो पर कोटा स्टोन टाइल्स बिछाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर नए शेल्टर का निर्माण किया गया है। लगभग 11 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म के ऊपरी सतह का कार्य किया गया है। प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर 'काउ कैचर्स' लगाने का कार्य प्रगति पर है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्टेशन पर उन्नत यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है जिसके तहत यात्रियों की सुविधा के लिए 75 वर्ग मीटर का वेटिंग हॉल तैयार किया गया है।

स्टेशन पर नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज स्थापित किया जा रहा है, जिसका 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। स्टेशन पर आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को अपग्रेड किया गया है। स्टेशन को पूरी तरह से 'दिव्यांगजन फ्रेंडली' बनाया गया है। इसके तहत कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल का निर्माण पूरा हो चुका है।

प्रवेश द्वार पर स्टैंडर्ड रैंप का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और आवागमन वाले क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पार्किंग क्षेत्र में फेंसिंग, मार्किंग आदि कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। रिफ्रेशमेंट रूम एवं फूड प्लाजा का कार्य 60 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।

सोजत रोड स्टेशन के पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में हैऔर शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं और यथाशीघ्र सोजत रोड स्टेशन को अपने नए और आधुनिक स्वरूप में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी और यात्रियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी| स्टेशन को आधुनिक बनाने के साथ-साथ यात्री सुरक्षा और सुविधा के सूक्ष्म बिंदुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित