कुशीनगर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गुरुवार को सोख्ता चेंबर (सोक पिट) में डूबने से एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सेवरही थाना क्षेत्र के धुरियाकोट के टोला चक्कर बाग में टेंट व्यवसायी वैद्यनाथ गोंड का एक वर्षीय पुत्र कार्तिक घर में खेल रहा था। इसी दौरान माता-पिता का ध्यान कुछ देर के लिए भटक गया और बच्चा खेलते-खेलते दरवाजे के पास नल के समीप बने सोख्ता चेंबर तक पहुंच गया।
बताया जाता है कि संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल कीचड़युक्त पानी से भरे चेंबर में गिर गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बच्चे को घर में नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान वह चेंबर में गिरा मिला, जिसे आनन-फानन बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित